आगरा। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के निर्देशन में आगरा मंडल द्वारा अवैध एवं अनधिकृत खानपान सामग्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को बड़ी कार्रवाई की गई।
सहायक वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग संजय गौतम के सुपरविजन में एसटीएफ/आगरा कैंट निरीक्षण टीम ने ट्रेन संख्या 04125 सुबेदारगंज–मुंबई बांद्रा टर्मिनस में जांच के दौरान 1056 अनधिकृत पानी की बोतलें बरामद कीं। जांच में पाया गया कि उक्त बोतलें रेलवे द्वारा अनुमोदित नहीं थीं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई बोतलों में विभिन्न ब्रांड शामिल थे, जिन्हें नियमानुसार कब्जे में लेकर पार्सल कार्यालय, ईदगाह में जमा करा दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों को केवल अधिकृत एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अनधिकृत वस्तुओं की बिक्री यात्रियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए जोखिमपूर्ण हो सकती है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस संयुक्त कार्रवाई में बलजीत सिंह, गुलजार मोहम्मद, इन्दीवर मिश्रा, राकेश कुमार मीणा, संजीव माथुर एवं हिमांशु द्विवेदी शामिल रहे।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद्य एवं पेय सामग्री खरीदें तथा किसी भी अनियमितता की सूचना रेलवे हेल्पलाइन 139 या संबंधित अधिकारियों को तत्काल दें।

