जाटव समाज उत्थान समिति ने किया भव्य स्वागत, चर्मकला बोर्ड गठन की उठाई मांग
आगरा। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद अशोक रावत ने बाबू जगजीवन राम पार्क पहुंचकर बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बाबू जगजीवन राम महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर समाज सुधारक और दलित समाज के सच्चे हितरक्षक थे। उनके आदर्श आज भी समाज को समानता, न्याय और सामाजिक उत्थान की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जाटव समाज उत्थान समिति (पंजीकृत), आगरा के पदाधिकारियों ने सांसद अशोक रावत का पगड़ी, फूलमाला एवं बाबू जगजीवन राम का चित्र भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश सरकार से चर्मकला बोर्ड के गठन की मांग करते हुए कहा कि इससे चर्म उद्योग से जुड़े कारीगरों और समाज के लोगों को रोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में देवकीनंदन सोन, बंगाली बाबू सोनी, अनिल कुमार संत, रूपसिंह सोनी, विनोद आनंद, राजेंद्र भारती, सत्य प्रकाश, सुरेंद्र डेनियल, प्रमोद पिप्पल, महेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

