केकेआर को टीम से हटाने का निर्देश, बांग्लादेश में हिंसा को लेकर उठा था विरोध
दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभिनेता शाहरुख़ ख़ान की आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिज़ुर रहमान को टीम से हटाने का निर्देश दिया है। यह फैसला बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के ख़िलाफ़ जारी हिंसा के बीच लिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही कथित हिंसा को लेकर देशभर में विरोध के स्वर तेज़ हो रहे थे। इसी के चलते सोशल मीडिया और विभिन्न संगठनों की ओर से आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ियों की भागीदारी पर सवाल उठाए जा रहे थे और मुस्तफिज़ुर रहमान को टीम से बाहर करने की मांग की जा रही थी।
BCCI ने हालात की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स प्रबंधन को यह निर्देश जारी किया। हालांकि, इस मामले में अभी तक KKR फ्रेंचाइज़ी या खिलाड़ी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
क्रिकेट जगत में इस फैसले को राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है, वहीं कई विशेषज्ञ इसे सुरक्षा और संवेदनशीलता से जुड़ा कदम भी मान रहे हैं।

