77वें गणतंत्र दिवस से पहले 87 आजीवन कारावास के कैदी होंगे रिहा
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने 77वें गणतंत्र दिवस से पहले एक अहम मानवीय और प्रशासनिक फैसला लेते हुए प्रदेश की विभिन्न जेलों में सजा काट रहे 87 आजीवन कारावास भुगत रहे कैदियों को समय से पहले रिहा करने की अनुमति प्रदान की है।
जेल विभाग द्वारा 27 मई 2025 को जारी दिशा-निर्देशों के तहत इस प्रक्रिया को अंजाम दिया गया। इन दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रदेश भर से प्राप्त कुल 481 मामलों की गहन समीक्षा की गई, जिसके बाद पात्र कैदियों की सूची तैयार की गई।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जिला स्तर पर गठित समितियों ने प्रत्येक मामले की कानूनी स्थिति, अपराध की प्रकृति, कैदी का आचरण, सामाजिक पृष्ठभूमि और अन्य आवश्यक तथ्यों का बारीकी से मूल्यांकन किया। समीक्षा के दौरान यह भी देखा गया कि संबंधित कैदी लंबे समय से जेल में हैं और उनके विरुद्ध कोई गंभीर आपत्तिजनक पहलू शेष नहीं है।
सरकार का यह निर्णय गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुधार और पुनर्वास की भावना को दर्शाता है। माना जा रहा है कि इससे न केवल जेलों पर भार कम होगा, बल्कि समाज में पुनः लौट रहे इन कैदियों को नई शुरुआत का अवसर भी मिलेगा।

