आगरा/प्रयागराज। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ने कई विशेष ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। गर्मियों के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह कदम यात्रियों के लिए राहत भरा साबित होगा।
सबसे अहम विस्तार गाड़ी संख्या 02417/02418 प्रयागराज–दादरी–प्रयागराज विशेष ट्रेन का किया गया है, जो अब 1 जून से 31 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन चलेगी। इस ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे, जिनमें सामान्य, स्लीपर और एसी श्रेणियां शामिल हैं। यह ट्रेन प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, इटावा, टुंडला, अलीगढ़ होते हुए दादरी तक जाएगी।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 06597/06598 यशवंतपुर–योगनगरी ऋषिकेश–यशवंतपुर एक्सप्रेस विशेष ट्रेन की अवधि भी बढ़ाई गई है। यह ट्रेन अब मई से जुलाई 2026 तक निर्धारित फेरों में संचालित होगी। खास बात यह है कि योगनगरी ऋषिकेश स्टेशन पर इसके आगमन समय में बदलाव करते हुए इसे 10:20 से घटाकर 10:15 कर दिया गया है।
लालकुआ–राजकोट (05045/05046) और जोधपुर–मऊ (04823/04824) विशेष ट्रेनों की अवधि में भी विस्तार किया गया है, जिससे उत्तराखंड, गुजरात, राजस्थान और पूर्वांचल के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
वहीं देवलाली–दानापुर (01053/01054) साप्ताहिक विशेष ट्रेन अब अगले आदेश तक जारी रहेगी, जिससे बिहार और महाराष्ट्र के यात्रियों की यात्रा और सुगम होगी।
एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले के तहत कानपुर सेंट्रल–गुवाहाटी (04127/04128) विशेष ट्रेन में 2 फेरों के लिए कोच बढ़ाए गए हैं। अब इस ट्रेन में कुल 18 डिब्बे होंगे, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और उपलब्धता की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
यह फैसला गर्मी के सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और बेहतर यात्रा सुविधा प्रदान करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

