पटना: बिहार विधानसभा के लिए मतदान आगामी 6 नवंबर और 11 नवंबर को दो चरणों में होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी। यह घोषणा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को की।
उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 7.42 करोड़ है, जिनमें पुरुष मतदाता 3.92 करोड़ और महिला मतदाता 3.50 करोड़ हैं।
बिहार में 243 सदस्यीय विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है। राजनीतिक दलों ने निर्वाचन आयोग से आग्रह किया था कि चुनाव अक्टूबर के अंत में, छठ पर्व के तुरंत बाद कराए जाएं, ताकि अधिक से अधिक मतदाता मतदान में भाग ले सकें। इस दौरान बड़ी संख्या में बाहर काम करने वाले लोग घर लौटते हैं।
पिछले विधानसभा चुनाव 2020 में कोविड-19 महामारी के समय तीन चरणों में आयोजित किए गए थे।

