बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, बीजेपी का चुनावी अभियान और आक्रामक होता जा रहा है। प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और लोकप्रिय कलाकार सभी को बिहार के चुनावी मैदान में उतारा गया है।

पटना के दीघा विधानसभा क्षेत्र (181) में बीजेपी नेता विकास राजपूत ने भाजपा उम्मीदवार डॉ. संजीव चौरसिया के समर्थन में जोरदार प्रचार किया। उन्होंने शहीद जगदेव मंडल में जनता से मुलाकात की और भाजपा के पक्ष में वोट देने की अपील की। विकास राजपूत उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से हैं और बिहार में पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
भाजपा के लिए चुनावी रणनीति में यूपी के नेताओं की अहम भूमिका दिखाई दे रही है। बिहार के स्थानीय नेताओं और यूपी के नेताओं के बीच तालमेल के साथ प्रचार अभियान चल रहा है।

विकास राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार ने विकास की नई पहचान दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी को हिट बताते हुए कहा कि यह जोड़ी बिहार की जनता को विकास की राह पर आगे ले जा रही है। साथ ही उन्होंने जनता से अपील की कि आरजेडी को सत्ता में आने का मौका न दें ताकि बिहार में जंगलराज न लौटे।
उन्होंने एनडीए सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि बिहार के विकास में एनडीए ने अहम योगदान दिया है और जनता को इसका लाभ मिल रहा है।

