मशहूर क़व्वाल परवाज़ वारसी और सनम वारसी के बीच सजेगा शानदार मुकाबला
कासगंज। कस्बा सहावर के रेलवे रोड स्थित हज़रत रमज़ान शाह दादा मियां के उर्स के समापन के बाद आज मेला ग्राउंड में भव्य मुकाबला-ए-क़व्वाली का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम रात्रि 8:00 बजे से शुरू होगा, जिसमें देश के मशहूर क़व्वाल परवाज़ वारसी और सनम वारसी अपने फन का शानदार प्रदर्शन करेंगे।
मेला कमेटी द्वारा कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। उल्लेखनीय है कि उर्स के दौरान एक सप्ताह तक मजार पर विभिन्न धार्मिक और रूहानी आयोजन संपन्न हुए, जिनमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की।
नगर पंचायत अध्यक्ष एवं मेला कमेटी के चेयरमैन नाशी खान ने बताया कि हज़रत रमज़ान शाह दादा मियां का उर्स हिन्दू-मुस्लिम एकता, भाईचारे और आपसी प्रेम की एक बेहतरीन मिसाल है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे आज रात्रि आयोजित होने वाले मुकाबला-ए-क़व्वाली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।

