बोलीदाता ने ई.ओ पर पक्षपात और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया, पारदर्शी जांच की मांग
जालंधर: इमाम नासिर स्थित पंजाब वक्फ़ बोर्ड के दफ़्तर में ज़मीन की नीलामी के दौरान विवाद खड़ा हो गया। नकोदर रोड निवासी कला दीन पुत्र भुट्टो मियां ने आरोप लगाया कि जब वह दोपहर नीलामी में भाग लेने पहुँचे तो वहाँ मौजूद स्टेट अफसर नदीम खान ने पहले उन्हें काफी देर तक बाहर बैठाए रखा और बाद में उनका मोबाइल छीन कर अंदर आने दिया।
कला दीन ने बताया कि जब उन्होंने बोली लगानी शुरू की तो ई.ओ. नदीम खान ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें रूम से बाहर जाने के लिए कह दिया। मोबाइल न होने के कारण वे किसी से संपर्क नहीं कर सके। आधे घंटे बाद जब वे दोबारा अंदर गए तो ई.ओ. नदीम खान ने कहा कि नीलामी पूरी हो चुकी है, आपका कुछ नहीं बना, घर चले जाओ।
कला दीन ने आरोप लगाया कि अफसर ने उन्हें बाहर बैठाकर दूसरों से “सेटिंग” कर ली। और पारदर्शिता से नीलामी नहीं की गई।
उन्होंने वक्फ़ बोर्ड चेयरमैन मोहम्मद ओवैस को लिखित शिकायत भेजकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
वहीं, ई.ओ. नदीम खान का कहना है कि नीलामी में कुल पाँच लोग शामिल थे — दो वक्फ़ बोर्ड के अधिकारी , कला दीन, शाहकोट के हरिंदर सिंह और रुबन प्रीत सिंह थे। उन्होंने बताया कि कोई वीडियो ना बना ले इसलिए सभी के मोबाइल टेबल की दराज़ में रख दिए थे। जब उनसे आक्शन की अंतिम बोली की रकम के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि फाइल देखकर ही बता सकते हैं।
नीलामी प्रक्रिया पर उठे सवालों ने अब वक्फ बोर्ड की पारदर्शिता पर भी चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

