आगरा। मुस्लिम समाजसेवी मौलाना मसरूर रज़ा कादरी ने सोशल मीडिया पर पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद साहब (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) एवं हजरत आयशा (रज़ियल्लाहु अन्हा) के संबंध में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पुलिस आयुक्त, आगरा को शिकायत पत्र सौंपकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मौलाना मसरूर रज़ा कादरी ने अपने शिकायती पत्र में कहा कि 20 जून 2026 को इंस्टाग्राम पर एक यूजर द्वारा ऐसी टिप्पणी पोस्ट की गई, जिससे मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उनका आरोप है कि उक्त टिप्पणी न केवल धार्मिक आस्था का अपमान करती है, बल्कि समाज में वैमनस्य और तनाव फैलाने का भी प्रयास है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करने तथा आवश्यक कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री के प्रसार पर प्रभावी रोक लगाई जानी चाहिए, जिससे सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।
मौलाना मसरूर रज़ा कादरी ने कहा कि सभी धर्मों और उनके पूज्य व्यक्तित्वों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई कर दोषी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की।
इस संबंध में स्थानीय मुस्लिम समाज के लोगों ने भी प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

