आगरा। थाना सदर क्षेत्र के शहीद नगर स्थित वार्ड संख्या 77 में टंकी वाला पार्क और नाले चौक के आसपास गंदगी, जलभराव तथा कूड़े के ढेरों से स्थानीय लोगों में नगर निगम एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति भारी रोष व्याप्त है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि मस्जिद के आसपास की नालियां सिल्ट से पूरी तरह भर चुकी हैं, जिससे गंदा पानी घरों के सामने जमा हो रहा है। टंकी वाला पार्क के निकट भी नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण जल निकासी बाधित है। वहीं कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और नाले सिल्ट से अटे पड़े हैं। लोगों का आरोप है कि नगर निगम नालों की सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रहा है, जबकि कई सीवर चोक होने से समस्या और गंभीर हो गई है।
स्थानीय निवासी जुनैद, भूरा, मोहम्मद आदिल तथा बसपा नेता मोहम्मद रिज़वान ने बताया कि भीषण गंदगी और चोक नाले-नालियों के बावजूद नगर निगम प्रशासन सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ सकता है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल नालों और नालियों की सफाई, सीवर लाइन दुरुस्त कराने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

