आगरा। जिला सहकारी फेडरेशन लिमिटेड (डीसीएफ) की बोर्ड बैठक चेयरमैन अजय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी सहकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में क्रय केंद्र स्थापित कर किसानों द्वारा उत्पादित गेहूं, धान एवं अन्य कृषि उपज की खरीद सुनिश्चित की जाएगी। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो सकेगा।
फेडरेशन के विकास और नई योजनाओं की जानकारी सामान्य निकाय के सदस्यों तक पहुंचाने के लिए वार्षिक आम सभा (एजीएम) आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार की कायाकल्प योजना के तहत फेडरेशन मुख्यालय भवन के जीर्णोद्धार के लिए शासन से अनुरोध करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में नगर के प्रमुख स्थानों पर आम जनता को गुणवत्ता युक्त जन उपयोगी वस्तुएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शोरूम खोलने का भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इस पहल से उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण सामान उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
फेडरेशन के कार्यालय प्रभारी का दायित्व निदेशक सुरेश गुप्ता को सौंपा गया। बैठक में फेडरेशन की भावी योजनाओं एवं प्रशासनिक गतिविधियों से संबंधित अन्य जानकारियां भी संचालकों को दी गईं।
बैठक में निदेशक सुरेश गुप्ता, अनुराग दुबे, आदित्य सिंह राणा, संजय प्रकाश, विद्याभूषण शुक्ला, नाहर सिंह, अर्चना सिंह एवं उर्मिला सिंह सहित सभी निदेशक उपस्थित रहे।

