आगरा: आगरा मंडल में डॉ. भीमराव आंबेडकर का 135वां जन्मदिवस बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। गोवर्धन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक द्वारा बाबा साहब की तस्वीर पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर उपस्थित रेलवे अधिकारियों, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने भी बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की।

अपने संबोधन में गगन गोयल ने कहा कि बाबा साहब के आदर्शों को अपनाकर ही हम उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं। उन्होंने सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के सिद्धांतों को जीवन में उतारने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहब के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने विशेष रूप से समाज और महिलाओं के उत्थान के लिए उनके योगदान को याद करते हुए सभी से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी, साथ ही मान्यता प्राप्त यूनियन एनसीआरईएस, एनसीआरएमयू, एससी/एसटी एसोसिएशन एवं ओबीसी एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

