आगरा। डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस एवं सेंट्रल फुटवियर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (सी.एफ.टी.आई.) के संयुक्त तत्वावधान में कॉलेज परिसर में एक दिवसीय “उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम” (Entrepreneurship Awareness Program) का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करना तथा उन्हें उद्योग जगत की व्यावहारिक बारीकियों से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी विशेषज्ञों ने सहभागिता की और विद्यार्थियों को उद्यमिता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
विशेषज्ञों का मार्गदर्शन
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं सी.एफ.टी.आई. के सहायक निदेशक (तकनीकी) श्री ईश्वर सिंह ने छात्रों को तकनीकी कौशल विकास, नवाचार तथा फुटवियर उद्योग में उपलब्ध करियर और व्यवसायिक संभावनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
चार्टर्ड अकाउंटेंट रूपल गर्ग ने किसी भी स्टार्टअप की शुरुआत के लिए आवश्यक वित्तीय प्रबंधन, कंपनी पंजीकरण प्रक्रिया एवं कर (टैक्स) संबंधी नियमों पर प्रकाश डाला।
केनरा बैंक के पूर्व डिविजनल मैनेजर श्री रामेंद्र शर्मा ने उद्यमियों के लिए उपलब्ध बैंकिंग सुविधाओं, ऋण योजनाओं एवं वित्तीय सहायता के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी।
डीआईसी (DIC) के पूर्व औद्योगिक अधिकारी श्री बी.के. सुतेल ने सरकार द्वारा चलाई जा रही उद्यमिता प्रोत्साहन योजनाओं, अनुदान एवं सब्सिडी के बारे में छात्रों को जागरूक किया।
संस्थान अध्यक्ष का संदेश
संस्थान के चेयरपर्सन स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने छात्रों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि आज का युग उद्यमिता और नवाचार का है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में अपने नए विचारों को स्टार्टअप के रूप में विकसित करें और आत्मनिर्भर बनें।
उद्यमियों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम के दौरान एम/एस एंटरप्राइजेज के स्वामी श्री महाराज सिंह राजपूत एवं मैनेजमेंट कंसल्टेंट श्री रसिक बिहारी सारस्वत ने अपने वास्तविक जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि एक सफल उद्यमी बनने के लिए धैर्य, सही योजना और कुशल प्रबंधन अत्यंत आवश्यक है।
आत्मविश्वास और प्रेरणा का मंच
कार्यक्रम के समन्वयक श्री हरि शंकर ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों में ‘जॉब सीकर’ से ‘जॉब क्रिएटर’ बनने का आत्मविश्वास उत्पन्न करते हैं।
अकादमिक निदेशक डॉ. विक्रांत शास्त्री ने संस्थान की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विशेषज्ञों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रशासनिक निदेशक डॉ. अनूप कुमार गोयल, समस्त डीन, विभागाध्यक्ष एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा।

