डॉ एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में मातृ दिवस के अवसर पर एक भव्य, भावनात्मक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, माताओं एवं अभिभावकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने विद्यालय परिसर को प्रेम, सम्मान और पारिवारिक मूल्यों की मधुर अनुभूतियों से भर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण, गायत्री मंत्र एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय परिसर को आकर्षक सजावट एवं विद्यार्थियों की रचनात्मक कलाकृतियों से सुसज्जित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए डांस परफॉर्मेंस, फायरलेस कुकिंग, ज्वेलरी मेकिंग, बेस्ट आउट ऑफ क्राफ्ट, मेहंदी, रैम्प वॉक, लुक-अलाइक एवं फैंसी ड्रेस जैसी विविध रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें सभी ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि माताएँ केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि आज का युग केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है बल्कि बच्चों में नैतिक मूल्यों, संवेदनशीलता, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मकता का विकास भी उतना ही आवश्यक है।उन्होंने कहा कि डॉ एमपीएस वर्ल्ड स्कूल आधुनिक शिक्षा प्रणाली के अनुरूप विद्यार्थियों को स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल पैनल, अत्याधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटर लैब, खेल सुविधाएँ, गतिविधि आधारित शिक्षण, आर्ट इंटीग्रेटेड लर्निंग तथा नई शिक्षा नीति आधारित शिक्षण पद्धति उपलब्ध करा रहा है, जिससे विद्यार्थी वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए तैयार हो सकें। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल सफल विद्यार्थी तैयार करना नहीं बल्कि संस्कारवान, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनाना है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने माताओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि माँ बच्चे की पहली शिक्षक होती है और उसके व्यक्तित्व निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कृति, आत्मविश्वास, नवाचार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना विद्यालय की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय की आधुनिक शिक्षण व्यवस्था, अनुशासित वातावरण एवं शिक्षकों की समर्पित कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं दे रहा, बल्कि उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहा है। मातृ दिवस समारोह ने अभिभावकों और बच्चों के बीच भावनात्मक संबंधों को और अधिक सशक्त बनाया।
इस अवसर पर विद्यालय के डीन एडमिनिस्ट्रेटर चंद्रशेखर डैंग सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

