नई दिल्ली।निर्वाचन आयोग ने बुधवार को बताया कि नौ राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 51 करोड़ मतदाताओं में से 50.35 करोड़ से अधिक लोगों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के तहत गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं।
एसआईआर प्रक्रिया का दूसरा चरण 4 नवंबर को शुरू हुआ था और यह 4 दिसंबर तक चलेगा। आयोग ने कहा कि कुल वितरित किए गए प्रपत्रों में से 98.79 प्रतिशत प्रपत्र आंशिक रूप से भरे हुए प्राप्त हुए हैं।
जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्रपत्र वितरित किए गए हैं, वे हैं—
छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, मध्यप्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप।
इनमें से तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और पश्चिम बंगाल में वर्ष 2026 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
इसी के साथ, असम में भी निर्वाचन आयोग ने सोमवार को मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की घोषणा की है। असम में भी 2026 में चुनाव प्रस्तावित हैं।

