लखनऊ/मऊ। घोसी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह का गुरुवार सुबह निधन हो गया। 67 वर्षीय सुधाकर सिंह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे और लखनऊ के मेदांता अस्पताल में उपचाररत थे। गुरुवार सुबह लगभग 7:00 बजे उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन की सूचना मिलते ही घोसी क्षेत्र सहित पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा दुख व्याप्त है। सपा नेताओं ने इसे पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया है।
बताया जा रहा है कि बीमारी के चलते पिछले कुछ दिनों से उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी। चिकित्सकों के काफी प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
अंतिम संस्कार की प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताओं को लेकर परिवार द्वारा जल्द ही जानकारी साझा की जाएगी।
घोसी क्षेत्र में विकास और जनसरोकार के मुद्दों पर सक्रिय रहने वाले सुधाकर सिंह के निधन से राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्र में शोक की गहरी अभिव्यक्ति देखने को मिल रही है।

