नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में गुरुवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में बिहार के चार बदमाश मारे गए। इनकी पहचान रंजन पाठक, बिमलेश महतो, मनीष पाठक और अमन ठाकुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मारे गए सभी आरोपी बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे। खुफिया इनपुट के आधार पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जाल बिछाया और जैसे ही बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में चारों को मार गिराया गया।
सूत्रों के मुताबिक, मौके से कई हथियार, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इनका संपर्क बिहार के किन जिलों में सक्रिय अपराधी गिरोहों से था।
स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (स्पेशल सेल) ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और मुठभेड़ में शामिल सभी पुलिसकर्मियों की कार्रवाई का रिकॉर्ड सुरक्षित किया गया है। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और संबंधित राज्यों की पुलिस को सूचना दी गई है।

