फतेहपुर सीकरी: थाना क्षेत्र फतेहपुर सीकरी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और लाखों रुपये के जेवर चोरी करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित पति जगनमोहन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि इस हमले में उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, जगनमोहन पुत्र राकेश, निवासी ग्राम चूरारी ने बताया कि उसका अपनी पत्नी से पारिवारिक विवाद चल रहा है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे, जब घर पर अन्य लोग मौजूद नहीं थे, तभी उसकी पत्नी कुछ अन्य लोगों के साथ जबरन घर में घुस आई।

जगनमोहन का आरोप है कि उसकी मां ने पत्नी से वापस लौटने को कहा, इसी बात पर उसके साथ आए लोगों ने उसके माता-पिता पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दोनों को गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को किसी तरह बचाया। ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने तत्काल डायल 100 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीकरी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया।

पीड़ित जगनमोहन ने थाने में दी गई लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि हमलावर जाते समय घर से दो अंगूठी सहित सोने-चांदी के अन्य जेवरात चोरी कर ले गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।
फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

