कासगंज: कस्बा सहावर के रेलवे रोड स्थित हज़रत रमज़ान शाह दादा मियां की मजार पर सालाना उर्स व मेला का शुभारंभ आज, 6 जनवरी से हो गया है। उर्स कमेटी द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। एक सप्ताह तक चलने वाले इस उर्स के दौरान मजार पर विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उर्स के अवसर पर मेला स्थल पर झूले, खेल-तमाशे, मौत का कुआं सहित विभिन्न आकर्षण लगाए गए हैं। साथ ही दुकानदारों ने अपनी-अपनी जगह चिन्हित कर दुकानें सजा ली हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया है।
आज 6 जनवरी को दोपहर जोहर की नमाज़ के बाद सज्जादा नशीन पीरजी ज़ियाउल हसन के आवास, मोहल्ला काज़ी तकिया के पास से चादर का आग़ाज़ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में कस्बेवासी शामिल होंगे। वहीं रात इशां की नमाज़ के बाद दरगाह परिसर में मिलाद शरीफ का आयोजन किया जाएगा। 7 जनवरी की सुबह कुरान ख्वानी का आयोजन होगा।
उर्स व मेला कमेटी के सदर एवं नगर पंचायत अध्यक्ष नाशी खान ने बताया कि उर्स के दौरान हिंदू-मुस्लिम एकता सम्मेलन, मुकाबला कव्वाली, तथा मेला ग्राउंड में दंगल और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हज़रत रमज़ान शाह दादा मियां का उर्स आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द की अनूठी मिसाल है।
कमेटी अध्यक्ष नाशी खान ने देशभर से आने वाले अकीदतमंदों और क्षेत्रवासियों से उर्स के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है, ताकि यह आयोजन पूरी तरह सफल और यादगार बन सके।

