कासगंज: जनपद कासगंज के थाना सुन्नगढ़ी क्षेत्र में 26 दिसंबर 2025 को सामने आई महिला की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि मृतका शबनूर की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी अपनी मां ने अपने समधी के साथ मिलकर कराई थी। हत्या का कारण मां और समधी के बीच चल रहे अवैध संबंध बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना सुन्नगढ़ी क्षेत्र के गांव नगला खमानी में 26 दिसंबर की सुबह करीब 9 बजे रामछितौनी बंबा के पास सड़क किनारे एक महिला का शव पड़ा मिला था। मृतका की पहचान शबनूर पत्नी जाविर, निवासी ग्राम पचपोखरा, थाना गंजडुण्डवारा, जनपद कासगंज के रूप में हुई। इस मामले में मृतका की मां यासमीन ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए शबनूर के पति और ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कासगंज सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी सहावर सुश्री शाहिदा नसरीन के नेतृत्व में जांच कराई गई। जांच के दौरान एकत्र साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया।
पूछताछ में अभियुक्ता यासमीन ने स्वीकार किया कि उसकी बेटी शबनूर को उसके और उसके समधी रहीस अहमद के अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी। शबनूर इस बात को अपने पिता को बताने की धमकी दे रही थी और तलाक लेने से भी इनकार कर रही थी। इसी बात से परेशान होकर यासमीन ने अपने समधी रहीस अहमद के साथ मिलकर शबनूर की हत्या की साजिश रची।
अभियुक्ता के अनुसार, 25 दिसंबर 2025 की रात योजनाबद्ध तरीके से रहीस अहमद ने शबनूर की हत्या की और शव को ग्राम पचपोखरा के सामने बंबा की पटरी के किनारे फेंक दिया गया। हत्या के बाद रहीस अहमद ने शबनूर के पहने हुए जेवरात भी उतार लिए।
पुलिस ने 4 जनवरी 2026 को अभियुक्ता यासमीन पत्नी इकरार, निवासी बीच थोक भरगैन, थाना पटियाली, जनपद कासगंज और अभियुक्त रहीस अहमद पुत्र गफ्फूर अहमद, निवासी मोहल्ला नज्याई, थाना उझानी, जनपद बदायूं को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डिस्कवर मोटरसाइकिल और चोरी किए गए जेवरात—एक सोने की चैन, दो तोड़िया और दो बिछुए—बरामद किए गए हैं।
साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में नई धाराएं जोड़ते हुए दहेज हत्या की धाराएं हटाकर हत्या, साजिश और अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में क्षेत्राधिकारी सहावर सुश्री शाहिदा नसरीन, थानाध्यक्ष सुन्नगढ़ी पवन कुमार, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार, कांस्टेबल राजकमल और महिला कांस्टेबल रमा शामिल रहीं।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है, जहां एक मां ने अपने ही अवैध संबंधों को छिपाने के लिए बेटी की बलि दे दी।

