नोएडा: उत्तर प्रदेश ही नहीं, देश के कई राज्यों में इस समय स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच, नोएडा में SIR अभियान से परेशान होकर एक महिला टीचर ने अपनी नौकरी से इस्तीफा दे दिया है।
जानकारी के अनुसार, नोएडा सेक्टर-34 स्थित गेझा उच्च प्राथमिक विद्यालय की टीचर पिंकी सिंह ने इस्तीफे में लिखा है कि उन्होंने पहले ही 215 फॉर्म ऑनलाइन फीड कर दिए हैं। अब वह न तो मतदाता सूची (BLO) का काम कर पाएंगी और न ही पढ़ा पाएंगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिंकी सिंह पहले ही SIR अभियान में ड्यूटी न लगाने की अपील कर चुकी थीं, लेकिन उनकी बात न तो सुनी गई और न ही मानी गई।
गेझा उच्च प्राथमिक विद्यालय की प्रिंसिपल ने बताया कि पिंकी सिंह को रॉकवुड स्कूल में मतदान केंद्र की बूथ लेवल अफसर (BLO) की जिम्मेदारी दी गई थी।
पिंकी सिंह का यह कदम इस बात की ओर इशारा करता है कि शिक्षकों पर SIR अभियान के दौरान अतिरिक्त प्रशासनिक दबाव बन रहा है, जिससे कई शिक्षकों में असंतोष फैल रहा है।

