आगरा:डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के पर्यटन एवं होटल प्रबंधन संस्थान में 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित पांच दिवसीय फिल्म मेकिंग वर्कशॉप का समापन हुआ। इस कार्यशाला का आयोजन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशुरानी जी के नेतृत्व में संस्थान के निदेशक प्रो. यू.एन. शुक्ला और ग्लैमर लाइफ फिल्म के निदेशक सूरज तिवारी एवं उनकी टीम ने किया।

समापन अवसर पर कुलपति महोदया ने प्रतिभागियों और आयोजकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य केवल फिल्म निर्माण सिखाना नहीं बल्कि समाज की दिशा और भविष्य की चुनौतियों को समझने में विद्यार्थियों को सक्षम बनाना है।
इस कार्यशाला में सूरज तिवारी ने फिल्म निर्माण के विभिन्न चरणों—कहानी चयन, स्क्रिप्ट लेखन, कैमरा एंगल, एडिटिंग और निर्देशन—पर विस्तृत जानकारी दी और प्रायोगिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया। साथ ही अभिनेता पंकज शर्मा ने अभिनय अनुभव साझा किए और डॉक्यूमेंट्री फिल्म को आकर्षक बनाने के सुझाव दिए।
संस्थान के निदेशक प्रो. यू.एन. शुक्ला ने बताया कि इस कार्यशाला में 42 विद्यार्थियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक कार्यशालाएं विद्यार्थियों के कौशल विकास और रोजगारपरक शिक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
कार्यशाला के सफल आयोजन में कई शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सक्रिय योगदान दिया। इसके अलावा, सूरज तिवारी ने पहले विश्वविद्यालय में आयोजित छह ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का उल्लेख किया और बताया कि सातवाँ फिल्म समारोह 13 से 15 नवंबर 2025 के बीच आयोजित किया जाएगा।

