आगरा। जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, आगरा में 7 दिसंबर को वार्षिक स्पोर्ट्स डे “Goenkan Sparta” का भव्य आयोजन मिनी ओलंपिक के अंदाज में किया गया। विद्यालय परिसर में बैडमिंटन, स्केटिंग, वॉलीबॉल, चेस, ताइक्वांडो, राइफल शूटिंग और बास्केटबॉल सहित कई खेल अलग-अलग स्थलों पर उत्साहपूर्वक आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आगरा के प्रतिष्ठित उद्यमी एवं समाजसेवी कांत प्रसाद अग्रवाल थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग उपस्थित रहे। अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के बाद कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और रंगारंग बैलून रिलीज़ से हुआ, जिसने वातावरण को उल्लास और ऊर्जा से भर दिया।

शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ, जिसके बाद विद्यार्थियों ने पोंपॉम रूटीन, हुला-हूप, कर्टेन डांस और स्वागत नृत्य जैसी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। टॉर्च सेरेमनी और सभी हाउसों की प्रभावशाली मार्च पास्ट कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं, जिसने छात्रों की अनुशासन और टीम भावना को दर्शाया।

इसके बाद विशाल खेल एरीना में विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन पर बेस्ट हाउस ट्रॉफी, बेस्ट स्पोर्ट्समैन ऑफ द ईयर, मिल्खा सिंह अवार्ड, पी.टी. उषा अवार्ड और बेस्ट एथलीट सहित कई सम्मान प्रदान किए गए।

मुख्य अतिथि कांत प्रसाद अग्रवाल ने कहा, “देश को ऐसे युवा चाहिए जो मानसिक और शारीरिक दोनों रूप से सशक्त हों। पढ़ाई मानसिक विकास करती है, वहीं खेल बच्चों को मजबूत बनाते हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को संतुलित विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाते हैं। मेरी कामना है कि गोयनका के बच्चे राहुल चाहर और दीपक चाहर की तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करें।”

विशिष्ट अतिथि राकेश गर्ग ने विद्यालय प्रबंधन और विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए आयोजन की भव्यता को सराहा।
विद्यालय के प्रो वाइस चेयरमैन श्री संजय अग्रवाल ने बताया कि विद्यालय के अनेक छात्र राष्ट्रीय स्तर पर शहर और विद्यालय का नाम बढ़ा रहे हैं। कक्षा 9 की कुहू, जो राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन खिलाड़ी हैं, सहित राइफल शूटिंग, नृत्य तथा अन्य क्षेत्रों में भी छात्र उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु सदैव समर्पित है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य पुनीत वशिष्ठ ने स्कूली बच्चों में बढ़ते मानसिक दबाव पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “अत्यधिक संरक्षण के कारण बच्चे हार को स्वीकार नहीं कर पाते और अवसाद में चले जाते हैं। खेल ही उन्हें जीवन का बड़ा पाठ सिखाते हैं—कभी जीत, कभी हार। हारकर दोबारा उठ खड़े होने का साहस खेल ही प्रदान करते हैं।” उन्होंने कहा कि विद्यालय छात्रों की खेल सहभागिता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
कार्यक्रम का समापन उत्साह, उपलब्धि और खेल भावना के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र, अभिभावक, शिक्षक, प्रो वाइस चेयरमैन संजय अग्रवाल और प्रधानाचार्य पुनीत वशिष्ठ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
#GoenkanSparta #GDGoyenkaAgra #AnnualSportsDay #MiniOlympics #StudentAthletes #SchoolSports #AgraEvents #YouthDevelopment #PhysicalFitness #TeamSpirit #Badminton #Volleyball #Skating #Chess #Taekwondo #Basketball #RifleShooting #CulturalProgram #SportsAwards #MilkaSinghAward #PTUshaAward #BestAthlete #SchoolEvent #EducationAndSports

