भारत में आधुनिक रेल यात्रा का एक और अध्याय शनिवार को जुड़ गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से एक साथ चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन ट्रेनों के शुरू होने के साथ देश में वंदे भारत सेवाओं की संख्या बढ़कर 164 हो गई है।
धार्मिक नगरी बनारस से सांस्कृतिक धरोहर खजुराहो तक अब सफर होगा और भी आरामदायक, तेज और सुरक्षित!
नई #VandeBharatExpress यात्रियों को देगी अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतरीन यात्रा अनुभव। pic.twitter.com/nfp0cxc6Tq— Ministry of Railways (@RailMinIndia) November 8, 2025
वंदे भारत एक्सप्रेस पहले से ही तेज रफ्तार, आरामदायक कोच, अत्याधुनिक तकनीक और बेहतरीन यात्री सुविधाओं की वजह से भारत की प्रीमियम ट्रेन सेवाओं में अग्रणी है। नई ट्रेनों के शुरू होने से यात्रियों की यात्रा पहले से अधिक तेज़, सहज और समय की बचत वाली होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज भारत रेलवे के उस दौर में है, जहां वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनें अगली पीढ़ी के भारतीय रेल तंत्र की नींव तैयार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वंदे भारत भारतीयों की सोच, भारतीय तकनीक, भारतीय इंजीनियरिंग और भारतीय सामर्थ्य का प्रतीक है।
पीएम मोदी ने कहा,
“वंदे भारत भारतीयों की, भारतीयों द्वारा, भारतीयों के लिए बनाई गई ट्रेन है। हर भारतीय को इस पर गर्व है। दुनिया में जिन देशों ने बड़ी प्रगति की है, उनकी तरक्की के पीछे मज़बूत और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की भूमिका रही है। भारत भी इसी दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।”
नई वंदे भारत ट्रेनों के परिचालन से पर्यटन, रोजगार, शिक्षा, मेडिकल और व्यापारिक गतिविधियों में भी नई ऊर्जा आने की संभावना है।
इन चार नई ट्रेनों के साथ देशभर में रेल संपर्क और तेज़ होगा, और यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा, सुरक्षा और समय की बचत का सीधा लाभ मिलेगा।

