आगरा। बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय, आगरा एवं राज्य ललित कला अकादमी (संस्कृति विभाग), उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वाधान में तीन दिवसीय क्षेत्रीय कला प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिससे पूरे परिसर में सांस्कृतिक एवं सृजनात्मक वातावरण व्याप्त हो गया।

कार्यक्रम की संयोजिका एवं संचालिका प्रो. बिंदु अवस्थी ने सभी अतिथियों का शिशु पादप भेंट कर स्वागत किया, जबकि अतिथि परिचय विनीता गुप्ता द्वारा प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि कला किसी भी राष्ट्र की सभ्यता और संस्कृति को समृद्ध एवं विस्तारित करने का सशक्त माध्यम है।

कार्यक्रम की संरक्षिका एवं महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. पूनम सिंह ने कहा कि कला ईश्वर का अनुपम वरदान है, जो शून्यता में भी सौंदर्य खोज लेती है और बिना शब्दों के आत्मा से संवाद स्थापित करती है।

इस अवसर पर बाबा योगेंद्र कला सम्मान से सम्मानित पूर्व प्राचार्य डॉ. सरोज भार्गव एवं डॉ. साधना सिंह की विशेष उपस्थिति रही। महाविद्यालय की प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष श्री अवधेश कुमार गुप्ता तथा सदस्य डॉ. आमासिंह भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी में आगरा एवं अलीगढ़ क्षेत्र के लगभग 150 प्रतिष्ठित कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट कलाकृतियों का प्रदर्शन किया। संस्कार भारती के अध्यक्ष श्री ओमस्वरूप गर्ग एवं श्री नंद नंदन गर्ग ने भी उपस्थित होकर उभरते कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

प्रदर्शनी में चयनित कलाकारों से संबंधित एक कैटलॉग का भी विमोचन किया गया। निर्णायक मंडल द्वारा विभिन्न श्रेणियों में दिनेश कुमार मौर्य (चित्रकला), रश्मि सिंह (रेखांकन) एवं शिव कुमार सिंह (मूर्तिकला) को सर्वश्रेष्ठ चयनित कर 15,000 रुपये का चेक प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने इस अवसर पर अपनी पेंटिंग का लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी दिया, जिसे कलाकारों और छात्राओं ने अत्यंत रुचि से देखा।
प्रदर्शनी में डॉ. विजय एम. ढोरे, डॉ. हेमलता अग्रवाल, डॉ. पूनम भार्गव, डॉ. प्रज्ञा केशरवानी, अनिल सोनी, प्रो. मीना कुमारी, डॉ. त्रिलोक सिंह सहित अनेक प्रसिद्ध कलाकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शोध छात्राओं ममता, जया, मोहिनी, नुपूर, लीना तथा एम.ए. की छात्राओं कचन, खुशी, आयुषी, रूबी, तान्या, सुमन, सुनैना आदि का विशेष सहयोग रहा।
अंत में सहसंयोजिका ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रो. पूनम शर्मा, प्रो. गुंजन, डॉ. रेखा सिंह, डॉ. कृष्णाबाला, श्रीमती संगीता त्यागी, डॉ. अपर्णा शुक्ला, डॉ. मनीषा, डॉ. प्रीति शाक्य, कु. प्राची सिंह सहित समस्त शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
(टाइम्स ऑफ ताज — संस्कृति और सृजन का विश्वसनीय मंच)

