कासगंज। इस्लाम धर्म की सबसे पवित्र इबादतों में शुमार हज यात्रा संपन्न कर लौटे जनपद कासगंज के हाजियों का मंगलवार को गर्मजोशी और सम्मान के साथ स्वागत किया गया। मक्का-मदीना की 45 दिवसीय हज यात्रा पूरी कर लौटे वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मुहम्मद फारूक अपनी पत्नी हज्जिन नजमा नाज सहित जनपद के अन्य हाजियों के साथ सकुशल वतन पहुंचे।
दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर परिजनों, मित्रों और समाज के गणमान्य लोगों ने हाजियों का फूल-मालाओं के साथ इस्तकबाल किया तथा हज यात्रा की सफल पूर्णता पर मुबारकबाद पेश की। स्वागत के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि हज केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मिक शुद्धि, त्याग, सादगी और मानवता का संदेश देने वाली महान इबादत है।

हाजियों की वापसी पर पूरे माहौल में रूहानियत, भाईचारे और खुशी का वातावरण देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने अल्लाह से दुआ की कि सभी हाजियों की इबादतें कबूल हों और वे समाज में अमन, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम फैलाते रहें।
जनपद कासगंज से हज यात्रा कर लौटे हाजियों में डॉ. मुहम्मद फारूक एवं उनकी पत्नी हज्जिन नजमा नाज, सहावर निवासी हाजी मोहम्मद अनवर सिद्दीकी एवं उनकी पत्नी हज्जिन सीमा, तथा गंजडुंडवारा निवासी हाजी मोहम्मद सलीम कुरैशी एवं उनकी पत्नी हज्जिन तबस्सुम शामिल रहे।
कासगंज आगमन पर चामुंडा क्षेत्र के समीप आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने हाजियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी आदित्य वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष के.पी. सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र बौहरे, समाजवादी पार्टी जिला अध्यक्ष विक्रम यादव, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज पांडेय, बसपा जिला अध्यक्ष डी.पी. राणा सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक हस्तियां उपस्थित रहीं।
समारोह के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी तथा आपसी सौहार्द, भाईचारे और नेक तमन्नाओं का इजहार किया। हाजियों के स्वागत का यह आयोजन सामाजिक एकता और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल बन गया।

