आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र की नीतिबाग चौकी अंतर्गत नई आबादी पक्की सराय में मंगलवार शाम करीब छह बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। मदीना मस्जिद के निकट स्थित एक मकान का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर एक 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक महिला को भी चोटें आई हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, छज्जा गिरने से पापड़ और भेलपुरी बेचकर आजीविका चलाने वाले रमेश राठौर (65 वर्ष) निवासी तुलसी नगर, गौबर चौकी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए राजपुर चुंगी स्थित उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वहीं मलबे में दबे फैसल उर्फ बाबू (11 वर्ष) पुत्र शानू कुरैशी को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फैसल स्थानीय एम.आर. मॉडर्न पब्लिक स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।हादसे में परवीन पत्नी जाफर भी घायल हुई हैं, जिनके पैर में चोट आई है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। स्थानीय निवासियों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया तथा क्षेत्र की घेराबंदी कर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान का छज्जा काफी समय से जर्जर अवस्था में था। हादसे के बाद क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल है। मृतक बालक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि घायल बुजुर्ग के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

