रांची। सुप्रीम कोर्ट में हेमंत सोरेन की याचिका पर सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले की अगली सुनवाई 11 मई को निर्धारित की गई है। यह सुनवाई सूर्यकांत और जायमाल्या बागची की पीठ में होनी थी, लेकिन समयाभाव के कारण इसे टाल दिया गया।
गौरतलब है कि इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत की कार्यवाही पर रोक लगा दी थी। हेमंत सोरेन ने शीर्ष अदालत में याचिका दाखिल कर झारखंड हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें उन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन मामले में व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट दी गई थी, लेकिन ट्रायल का सामना करने का निर्देश दिया गया था।
ईडी का कहना है कि मुख्यमंत्री को कई बार समन जारी किए गए, लेकिन वह ईडी कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद एजेंसी ने कार्रवाई के लिए एमपी-एमएलए कोर्ट में याचिका दाखिल की, जिस पर कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए हेमंत सोरेन के खिलाफ नोटिस जारी किया था।
वहीं, ईडी अधिकारियों पर पूछताछ के दौरान एक आरोपित से मारपीट के मामले में दर्ज प्राथमिकी की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो जांच को लेकर भी सुप्रीम कोर्ट में अगले सप्ताह सुनवाई होगी। इस मामले में एमएम सुंदरेश्वर और एन कोटीश्वर सिंह की बेंच ने आंशिक सुनवाई के बाद विस्तृत सुनवाई अगले सप्ताह करने की बात कही है।
उल्लेखनीय है कि हाई कोर्ट ने 11 मार्च को ईडी अधिकारियों के खिलाफ दर्ज मारपीट मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया था, जिसे झारखंड सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।

