लखनऊ: प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर तेजी से बढ़ता जा रहा है। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गुरुवार को अवध और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने के आसार नहीं हैं, जबकि शुक्रवार को लू प्रभावित जिलों की संख्या और बढ़ सकती है।

मौसम विज्ञानी ने बताया कि बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, आगरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी समेत आसपास के क्षेत्रों में लू का प्रकोप देखने को मिल सकता है।
बुधवार को देश के सबसे गर्म शहरों में बांदा तीसरे स्थान पर रहा, जहां तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रयागराज 43.7 डिग्री सेल्सियस के साथ चौथे स्थान पर रहा। पहले स्थान पर झारसुगुड़ा (44.6°C) और दूसरे स्थान पर वर्धा (44.2°C) रहा।
इसके अलावा सुलतानपुर, वाराणसी और आगरा का तापमान भी 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। वहीं लखनऊ में तापमान बढ़कर 41.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
👉 सावधानी:
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

