आगरा। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेल विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत प्रदेश के खेल छात्रावासों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों/प्रशिक्षकों की तैनाती की जाएगी।
योजना के अंतर्गत कुल 15 खेलों में संचालित 35 आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रशिक्षण देने हेतु 40 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को चयनित किया जाएगा। चयनित प्रशिक्षकों को ₹1.50 लाख प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा।
इस क्रम में आगरा मंडल के इच्छुक एवं पात्र अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी/प्रशिक्षक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 10 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्यदिवस में क्षेत्रीय खेल कार्यालय, आगरा में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
पात्रता की प्रमुख शर्तें
आवेदक निम्न में से किसी एक श्रेणी में होना चाहिए—
ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स या वर्ल्ड कप/वर्ल्ड चैंपियनशिप में प्रतिभाग किया हो
या पद्मश्री, खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार, ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित हो
या ऐसे प्रशिक्षक हों जिन्होंने भारतीय टीम को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रशिक्षण दिया हो
आवेदन हेतु खेलों की सूची
निम्नलिखित खेलों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं—
हॉकी (बालक/बालिका)
फुटबॉल (बालक)
तैराकी (बालक/बालिका)
वॉलीबॉल (बालक/बालिका)
जिम्नास्टिक (बालक/बालिका)
एथलेटिक्स (बालक/बालिका)
क्रिकेट (बालक)
बैडमिंटन (बालक/बालिका)
टेबल टेनिस (बालक/बालिका)
बास्केटबॉल (बालक/बालिका)
कबड्डी (बालक/बालिका)
कुश्ती (बालक/बालिका)
बॉक्सिंग (बालक)
हैंडबॉल (बालिका)
जूडो (बालक)
खेलों को मिलेगा नया आयाम
यह पहल प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। इससे युवा खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा।

