आगरा। संजय प्लेस स्थित कंप्यूटर मार्केट में लोहड़ी पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हरप्रीत सिंह नंदा एवं शिवम स्टेशनरी के सौजन्य से भव्य आयोजन किया गया, जिसमें कंप्यूटर मार्केट के व्यापारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत लोहड़ी पूजन के साथ की गई। पूजन के पश्चात उपस्थित लोगों के बीच तिल, गजक एवं रेवड़ी का वितरण किया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्सव और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
संजय प्लेस कंप्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष आर. एस. सेगर ने लोहड़ी पर्व के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व आपसी भाईचारे, समृद्धि और नई ऊर्जा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन व्यापारिक समुदाय को एकजुट करने और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम में कंप्यूटर मार्केट के मीडिया प्रभारी चतुर्भुज तिवारी के अलावा अरविंद सिंह राजावत, आशुतोष सारस्वत, मनीष कुमार, गिरिराज शर्मा, मनीष पोर्वाल, संजय मित्तल, मोहम्मद सद्दाम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।इस अवसर पर सभी ने एक-दूसरे को लोहड़ी की शुभकामनाएं दीं। आयोजन ने न केवल पारंपरिक संस्कृति को संजोने का संदेश दिया, बल्कि कंप्यूटर मार्केट के व्यापारियों के बीच आपसी सौहार्द और सहयोग को भी और अधिक मजबूत किया।

