संभल। उत्तर प्रदेश के संभल में हुई हिंसा से जुड़े मामले में अब बड़ी कार्रवाई के संकेत मिले हैं। संभल की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्कालीन एएसपी अनुज चौधरी समेत 15 से 20 पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है।
न्यायालय के इस आदेश को प्रशासनिक और पुलिस महकमे के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। अदालत ने प्रथम दृष्टया तथ्यों के आधार पर यह माना कि हिंसा के दौरान पुलिस कार्रवाई की भूमिका की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
सूत्रों के अनुसार, कोर्ट के निर्देश के बाद संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। इस आदेश से संभल हिंसा प्रकरण में नया मोड़ आ गया है और आने वाले दिनों में और भी अधिकारियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

