फर्रुखाबाद। जिला आयुष समिति, फर्रुखाबाद के शासी/कार्यकारी निकाय की मासिक बैठक मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आयुष विभाग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं, आयुष्मान कार्ड, राजस्व वसूली तथा सीएम डैशबोर्ड की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष चिकित्सा शिविर (कैंप) आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को सुलभ एवं प्रभावी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने बताया कि वर्तमान में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति नहीं है, जिस पर गंभीरता दिखाते हुए योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति हेतु प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड की धीमी प्रगति पर नाराजगी
आयुष्मान कार्ड निर्माण की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने कहा कि प्रतिदिन कार्ड बनने की गति अत्यंत धीमी है, जिसकी रिपोर्ट शासन को नियमित रूप से भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि कमालगंज में 120 तथा राजेपुर में 149 आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं, जो अपेक्षित लक्ष्य से काफी कम हैं।
सीडीओ ने निर्देश देते हुए कहा कि प्रतिदिन कम से कम 1000 आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं, अन्यथा संबंधित अधिकारियों को इसके परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।
राजस्व वसूली और मंडी की स्थिति
कर्क रेखा की बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि जीएसटी वसूली का लक्ष्य 7 करोड़ 10 लाख रुपये के सापेक्ष 4 करोड़ 40 लाख रुपये की वसूली की जा सकी है, जिससे जनपद की प्रदेश स्तर पर रैंक 16 रही।
वहीं आबकारी विभाग की प्रदेश रैंक 36 रही। कुल मिलाकर 13.13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
आलू के निम्न भाव के कारण सातनपुर मंडी अपना लक्ष्य प्राप्त नहीं कर सकी, जिससे उसकी रैंक 61 रही।
सीएम डैशबोर्ड में सुधार के निर्देश
बैठक में बताया गया कि सीएम डैशबोर्ड पर फर्रुखाबाद जनपद की रैंक 68 है। इस पर अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को रैंक में सुधार के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि लापरवाही की स्थिति में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

