लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राज्य कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार जून में मिलने वाले मई के वेतन के साथ 2 प्रतिशत बढ़े हुए महंगाई भत्ते (DA) का लाभ देने की तैयारी में है। वित्त विभाग ने इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर लिया है, जिसे जल्द ही मुख्यमंत्री की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।
महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि के बाद यह दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी। इस फैसले का सीधा लाभ राज्य के लगभग 16 लाख कर्मचारियों और अधिकारियों को मिलेगा।
सरकार की योजना के अनुसार, बढ़े हुए डीए का लाभ जनवरी 2026 से लागू किया जाएगा। जनवरी से अप्रैल तक का एरियर कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में जमा किया जाएगा, जबकि मई 2026 से बढ़ा हुआ डीए सीधे वेतन में जोड़कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 22 अप्रैल को ही अपने कर्मचारियों के लिए 2 प्रतिशत डीए वृद्धि का आदेश जारी कर दिया था। परंपरा के अनुसार, केंद्र के फैसले के बाद ही राज्य सरकारें भी अपने कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का निर्णय लेती हैं।
इस फैसले से कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलने की उम्मीद है, खासकर बढ़ती महंगाई के दौर में यह राहत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

