मथुरा: वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब श्रद्धालुओं से भरी एक मोटर बोट यमुना नदी में पलट गई। हादसे में सवार सभी लोग नदी में डूब गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना मांट थाना क्षेत्र की है, जहां पंजाब से आए श्रद्धालुओं का जत्था यमुना में नौका विहार के लिए गया था। बताया जा रहा है कि बोट में मोंगा, मुक्तसर और लुधियाना से आए कुल 32 श्रद्धालु सवार थे।
यह जत्था करीब 150 लोगों का था, जो शुक्रवार सुबह लगभग 9 बजे वृंदावन पहुंचा था। सभी श्रद्धालुओं ने पहले निधिवन में दर्शन किए, जिसके बाद वे केशीघाट से मोटर बोट में सवार होकर यमुना में घूमने निकले।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मांट क्षेत्र में बने पैंटून पुल से टकराने के बाद मोटर बोट असंतुलित हो गई और पलट गई। हादसे के बाद सभी 32 लोग नदी में डूब गए।
राहत और बचाव कार्य जारी है। अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य की तलाश के लिए गोताखोर और प्रशासन की टीमें मौके पर जुटी हुई हैं।
घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है और मौके पर पुलिस व बचाव दल तैनात कर दिए गए हैं। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।

