आगरा, ताज प्रेस क्लब, आगरा के भवन में मकर संक्रांति का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, सौहार्द और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मीडिया बंधुओं के सम्मिलन, खिचड़ी भोज एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में पत्रकारों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम में माननीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधान परिषद सदस्य श्री विजय शिवहरे, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी तथा अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) प्रशांत तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इसके पश्चात ताज प्रेस क्लब की नव निर्वाचित कार्यकारिणी के अध्यक्ष एवं सदस्यों द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। साथ ही जनपदवासियों एवं पत्रकार बंधुओं को मकर संक्रांति पर्व की शुभकामनाएं दी गईं।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कहा कि मकर संक्रांति भारत की संस्कृति, विज्ञान और प्रकृति के अद्भुत समन्वय का पर्व है। यह त्योहार पूरे देश में विभिन्न नामों से मनाया जाता है, जो भारत की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि पंजाब में इसे लोहड़ी, उत्तर प्रदेश में खिचड़ी, बिहार में संक्रांत, असम में बिहू, तमिलनाडु में पोंगल तथा कर्नाटक में सुग्गी हब्बा के नाम से मनाया जाता है। ये सभी नाम मकर संक्रांति को वास्तव में देश का त्योहार बनाते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मान्यता है कि इस दिन से सूर्य उत्तरायण होते हैं, जो नई ऊर्जा, खुशहाली और समृद्धि का संदेश देता है। मकर संक्रांति का पर्व प्रकृति की पूजा और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। सभी पर्वों का सीधा संबंध प्रकृति से है, क्योंकि प्रकृति ही हमारे अस्तित्व की आधारशिला है। सूर्य पृथ्वी को गहराई से प्रभावित करता है, जिसके कारण वर्षा चक्र, ऋतु परिवर्तन, दिन-रात और विभिन्न भौगोलिक घटनाएं घटित होती हैं।
उन्होंने मीडिया और प्रशासन के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि शासन की लोककल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ व्यवस्थाओं की कमियों की ओर ध्यान आकर्षित करना मीडिया की अहम भूमिका है। इससे सुधार की प्रेरणा मिलती है और कार्यों को और बेहतर बनाया जा सकता है। मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। अंत में उन्होंने मकर संक्रांति के पावन पर्व पर सभी जनपदवासियों एवं मीडिया बंधुओं को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल एवं माननीय एमएलसी श्री विजय शिवहरे ने मकर संक्रांति पर्व के आध्यात्मिक, सामाजिक और प्रकृति से जुड़े महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने ताज प्रेस क्लब को और अधिक समृद्ध, सशक्त और गरिमामय बनाए जाने तथा पत्रकार बंधुओं के हित में हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने सभी को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं।
पर्व के अवसर पर खिचड़ी का वितरण किया गया तथा सभी आगंतुकों और अतिथियों ने खिचड़ी सहभोज में सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री मनोज मिश्रा ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त किया।

