डिब्रूगढ़/नई दिल्ली। देश के पांच राज्यों—पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी—में होने वाले विधानसभा चुनावों के बीच राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने डिब्रूगढ़ के एक चाय बागान में काम करने वाली महिलाओं से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री ने बागान में श्रमिक महिलाओं से बातचीत की, उनके साथ समय बिताया और खुद चाय की पत्तियां तोड़कर श्रम का अनुभव भी लिया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ सेल्फी भी खिंचवाई, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि असम का यह चुनाव केवल राज्य का चुनाव नहीं, बल्कि “विकसित असम से विकसित भारत” बनाने का संकल्प है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि इस बार असम में बीजेपी-एनडीए की सरकार लगातार तीसरी बार बनने जा रही है।
प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि “कांग्रेस की पराजय की हैट्रिक होने वाली है।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के “सो-कॉल्ड राजकुमार” की हार की सेंचुरी भी अब दूर नहीं है।
असम में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी का दावा करते हुए प्रधानमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने का प्रयास किया। वहीं, चुनावी माहौल में इस बयानबाजी से सियासी पारा और चढ़ गया है।
देश के विभिन्न राज्यों में जारी चुनावी अभियानों के बीच नेताओं के दौरे और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में राजनीतिक मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है।

