नई दिल्ली । राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समन्वय के संकल्प को साकार करते हुए श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू), कटरा के प्रांगण में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारत भारती संगठन के तत्वावधान में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं नवचेतना स्वाभिमान चैरिटेबल फाउंडेशन के सहयोग से हुआ।
सरदार पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित आयोजन
‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह में भारत भारती के उत्तर भारत प्रभारी मोहम्मद इरफ़ान अहमद का ओजस्वी संबोधन मुख्य आकर्षण रहा। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों का विलय कर भारत को एक सूत्र में पिरोया था, और आज हमारा कर्तव्य है कि उस एकता को और सुदृढ़ करें।
उनके संबोधन ने सभागार में देशभक्ति का उत्साह भर दिया और तालियों की गड़गड़ाहट से वातावरण गूंज उठा।
राष्ट्र-नागरिकता की शपथ बनी केंद्र बिंदु
समारोह का सबसे प्रेरक क्षण तब आया जब मोहम्मद इरफ़ान अहमद ने उपस्थित जनसमूह—गणमान्य नागरिकों, शिक्षाविदों, कलाकारों और विशेष रूप से युवाओं—को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की शपथ दिलाई।
उन्होंने सरल शब्दों में कहा, “एक अच्छा नागरिक बनने के लिए बड़े भाषणों की नहीं, बल्कि छोटे-छोटे कर्मों की आवश्यकता होती है।”
शपथ में जल और बिजली संरक्षण, यातायात नियमों के पालन, स्वच्छता बनाए रखने और सामाजिक सहयोग की भावना को जीवन में उतारने का संकल्प दिलाया गया। युवाओं को माता-पिता और गुरुजनों के सम्मान का संदेश भी दिया गया।
विशिष्ट अतिथियों के विचार
मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. रिजवान क़ादरी, सदस्य प्रधानमंत्री संग्रहालय, भारत सरकार ने सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रगति कुमार ने विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का आह्वान किया।
भारत भारती के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री विनय पात्रले एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री जगन्नाथ कुंजबिहारी स्वाइन (डायरेक्टर, नव चेतना फाउंडेशन) ने भी राष्ट्रीय एकता और ‘वंदे मातरम्’ की भावना पर अपने विचार व्यक्त किए।
विशिष्ट व्यक्तित्व हुए सम्मानित
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. अनीशा तिवारी (पशु चिकित्सा), श्रीमती अंजू बंसल (शिक्षा), इंजीनियर अशोक सिंह (कला एवं संस्कृति), अधिवक्ता रमांश बिल्लावरिया (सामाजिक न्याय), श्री प्रकाशचंद अहिरवार (सामुदायिक सेवा), गौधाम कीरियां (गो-संरक्षण), श्री राजिंदर प्रसाद कक्कड़ (व्यापार), डॉ. कुलदीप रैना (कला एवं सांस्कृतिक एकीकरण) एवं प्रो. एम.ए. वानी (शिक्षा) शामिल रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन भारत भारती जम्मू की अध्यक्ष श्रीमती विजया गुप्ता एवं उनकी टीम ने किया।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक सशक्त, एकजुट और प्रगतिशील भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
(टाइम्स ऑफ ताज — राष्ट्र निर्माण की हर पहल के साथ)

