31 मार्च को डॉ. अरोड़ा रिटायर, झांसी से आईं डॉ. सुनीता ने संभाली जिम्मेदारी”
आगरा : जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. राजेंद्र कुमार अरोड़ा 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो गए। उनके स्थान पर झांसी से आईं डॉ. सुनीता राठौर को नई अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। बुधवार दोपहर उन्हें औपचारिक रूप से अस्पताल का कार्यभार सौंप दिया गया।
डॉ. अरोड़ा 11 फरवरी 2024 को हाथरस से पदोन्नति पाकर जिला अस्पताल में एसआईसी के रूप में नियुक्त हुए थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अस्पताल के प्रशासनिक कार्यों को सुचारु रूप से संभाला। इससे पहले वे जिला अस्पताल के हड्डी विभाग में भी सेवाएं दे चुके हैं।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर अस्पताल के चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, नर्सों और कर्मचारियों ने डॉ. अरोड़ा को भावभीनी विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर फिजिशियन एवं एमडी मेडिसिन डॉ. आशीष मित्तल ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनकी सेवाओं की सराहना की।
नई एसआईसी डॉ. सुनीता राठौर इससे पूर्व झांसी मेडिकल कॉलेज में सीएमएस के पद पर कार्यरत रह चुकी हैं। उनके पदभार ग्रहण करने पर अस्पताल स्टाफ ने उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।

