आगरा। Indian Railways के आगरा मंडल में यात्रियों की सुरक्षा, पारदर्शिता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री पी. राज मोहन के निर्देशन में “ऑपरेशन उपलब्ध” और “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है।
ऑपरेशन ‘उपलब्ध’
यात्रियों को पारदर्शी एवं सुरक्षित टिकटिंग व्यवस्था प्रदान करने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान के अंतर्गत—
- 1,26,575 रुपये मूल्य के 40 भविष्य यात्रा टिकट जब्त किए गए।
- 3,680 रुपये मूल्य का 1 पिछली यात्रा टिकट बरामद किया गया।
- टिकटिंग में अनियमितताओं को रोकने हेतु 10 संदिग्ध आईडी ब्लॉक की गईं।
यह कार्रवाई अवैध टिकटिंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और आम यात्रियों के हितों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।
ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’
रेलवे परिसरों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान के अंतर्गत—
- कुल 153 बच्चों को सुरक्षित बचाया गया,
- जिनमें 84 लड़के और 69 लड़कियां शामिल हैं।
यह अभियान रेलवे की सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है और जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।
आगरा मंडल द्वारा ऐसे अभियानों के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी और जिम्मेदार रेल सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता निरंतर प्रदर्शित की जा रही है।

