लखनऊ। University of Lucknow ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु बुधवार से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसके लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस वर्ष रेगुलर पीएचडी के 41 विषयों में 1060 सीटों तथा पार्ट टाइम पीएचडी के 30 विषयों में 374 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
प्रवेश समन्वयक प्रो. अनित्य गौरव के अनुसार अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध समर्थ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है। रेगुलर पीएचडी में विश्वविद्यालय परिसर की 578 तथा संबद्ध कॉलेजों की 482 सीटें शामिल हैं।
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 2000 रुपये रखा गया है, जबकि एससी, एसटी एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों को 1000 रुपये शुल्क देना होगा।
विश्वविद्यालय ने इस बार प्रवेश प्रक्रिया को तीन चरणों में विभाजित किया है। पहले चरण में यूजीसी-जेआरएफ, सीएसआईआर-जेआरएफ, आईसीएआर, आईसीएमआर, डीबीटी-जेआरएफ तथा एआईसीटीई जैसी राष्ट्रीय फेलोशिप परीक्षाओं में सफल अभ्यर्थियों को सीधे साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा।
दूसरे चरण में शेष सीटों पर यूजीसी-नेट अथवा सीएसआईआर-नेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का इंटरव्यू होगा। इसमें वे उम्मीदवार शामिल होंगे जिन्होंने असिस्टेंट प्रोफेसर या पीएचडी प्रवेश हेतु नेट परीक्षा उत्तीर्ण की है।
यदि इसके बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं तो तीसरे चरण में विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित रिसर्च एंट्रेंस टेस्ट (RET) के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रमुख विषयों में सीटों की संख्या
कॉमर्स – 67, फिजिक्स – 67, केमिस्ट्री – 68, मैनेजमेंट स्टडीज – 80, पॉलिटिकल साइंस – 60, इकोनॉमिक्स – 56, सोशियोलॉजी – 52, एजुकेशन – 50, जूलॉजी – 49, हिंदी – 47, लॉ – 40, बॉटनी – 35, अप्लाइड इकोनॉमिक्स – 34, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग – 30, इंग्लिश – 30, संस्कृत – 28 तथा फार्मास्यूटिकल साइंसेज – 26 सीटें निर्धारित की गई हैं।
इसके अलावा एंथ्रोपोलॉजी, अरब कल्चर, भूगोल, गणित, मनोविज्ञान, सोशल वर्क, फिजिकल एजुकेशन, स्टैटिस्टिक्स, वेस्टर्न हिस्ट्री समेत अन्य विषयों में भी सीटें उपलब्ध कराई गई हैं।

