आगरा। श्री बाबूलाल गोयल सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार, 9 मई 2026 को अभिभावक प्रबोधन सम्मेलन, मातृ पूजन कार्यक्रम तथा छात्र संसद एवं शिशु भारती के पदाधिकारियों का शपथ समारोह अत्यंत गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों को विद्यालय की कार्यप्रणाली, संस्कारयुक्त शिक्षा एवं बच्चों के समग्र विकास के प्रति जागरूक करना तथा विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. पार्थसारथी शर्मा, मुख्य वक्ता भावना वरदान शर्मा तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
प्रधानाचार्य राजकुमार ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल बौद्धिक विकास नहीं, बल्कि नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों का विकास भी है। मुख्य अतिथि डॉ. पार्थसारथी शर्मा ने संस्कारों एवं स्वच्छता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
मुख्य वक्ता भावना वरदान शर्मा ने छात्र संसद एवं शिशु भारती के पदाधिकारियों को गोपनीयता की शपथ दिलाई। सभी पदाधिकारियों ने अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ पालन करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षिक एवं नैतिक विकास में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। भारतीय सनातन संस्कृति में घर को संस्कारों की प्रथम पाठशाला बताया गया है, जहां बच्चे माता-पिता से नैतिक मूल्यों एवं जीवन आदर्शों की शिक्षा प्राप्त करते हैं।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के मनोवैज्ञानिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गीत, संगीत एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
मातृ दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित मातृ पूजन कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपनी माताओं के चरण स्पर्श कर एवं माल्यार्पण कर सदैव उनका सम्मान करने का संकल्प लिया।
इसी अवसर पर महाराणा प्रताप जयंती भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई। विशिष्ट अतिथियों ने महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया तथा उनके जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति एवं स्वाभिमान का संदेश दिया।

