आगरा, । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व भारत एक और ऐतिहासिक उपलब्धि की ओर बढ़ रहा है। आयुष मंत्रालय के तत्वावधान में 14 जून 2026 को आयोजित होने वाले विशेष ऑनलाइन योग सत्र के माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य एक ही समय में सर्वाधिक लोगों को योग सत्र से जोड़कर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित करना है।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी आगरा डॉ. एम. एस. आलम ने बताया कि शासन एवं आयुष मंत्रालय के निर्देशों के क्रम में यह ऑनलाइन योग सत्र 14 जून को प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक आयोजित किया जाएगा। देशभर के नागरिक आयुष मंत्रालय के आधिकारिक यूट्यूब प्लेटफॉर्म के माध्यम से इस योग अभियान का हिस्सा बन सकेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान में भाग लेने के लिए इच्छुक व्यक्तियों को टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद प्रतिभागियों को व्हाट्सएप पर सत्र का लिंक प्राप्त होगा।
डॉ. आलम ने कहा कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए प्रत्येक प्रतिभागी का अपने व्यक्तिगत मोबाइल, लैपटॉप या अन्य डिवाइस से लॉगिन करना आवश्यक है। रिकॉर्ड के लिए प्रत्येक डिवाइस की उपस्थिति को आधिकारिक रूप से गिना जाएगा।
उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों एवं योग प्रेमियों से इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उनका कहना है कि योग न केवल स्वस्थ जीवन का आधार है, बल्कि यह भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का विश्वव्यापी संदेश भी है।
यदि यह प्रयास सफल रहा तो भारत योग के क्षेत्र में एक और विश्व रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कराएगा और वैश्विक स्तर पर योग के प्रति जागरूकता का नया संदेश देगा।

