आगरा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बलिदान दिवस के अवसर पर सुल्तानपुरा क्षेत्र में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और दो मिनट का मौन रखकर उनके बलिदान को याद किया।
इस मौके पर शहर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष बशीर उल हक रॉकी ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में गांधी जी के विचार पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं और समाज को नफरत व हिंसा के रास्ते से निकालकर एकता और सौहार्द की ओर ले जाते हैं।
बशीर उल हक रॉकी ने युवाओं से अपील की कि वे गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और देश की मजबूती के लिए सकारात्मक भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि गांधी जी का बलिदान हमें यह सिखाता है कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर भी बड़े से बड़ा परिवर्तन संभव है।
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने गांधी जी के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

