आगरा। ऑल इंडिया इत्तेहाद-ए-मुस्लेमीन (एआईआईएम) के उत्तर प्रदेश संयुक्त सचिव मिर्ज़ा मुकर्रम बेग मुगल ने अपने निष्कासन को लेकर फैल रही अफवाहों का खंडन करते हुए इसे पूरी तरह निराधार बताया है।
जारी बयान में मिर्ज़ा मुकर्रम बेग मुगल ने कहा कि कुछ लोग उनके खिलाफ षड्यंत्र के तहत पार्टी में उनके निष्कासन की झूठी खबरें फैला रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से फोन पर बातचीत हुई है। प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि उनके निष्कासन के संबंध में पार्टी की ओर से कोई भी आधिकारिक आदेश या पत्र जारी नहीं किया गया है।
उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक और अपुष्ट खबरों पर ध्यान न दें तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ कार्य करते रहें।
मिर्ज़ा मुकर्रम बेग मुगल ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग और संगठन की मजबूती से पार्टी आने वाले समय में बेहतर प्रदर्शन करेगी और नई सफलताएं हासिल करेगी।

