आगरा। जनपद आगरा में लगातार चल रही शीतलहर एवं घने कोहरे को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के मद्देनज़र जिलाधिकारी आगरा द्वारा महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार जनपद आगरा के कक्षा 01 से 08 तक के समस्त परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई सहित अन्य सभी बोर्ड के विद्यालयों का संचालन दिनांक 20 दिसंबर 2025 (शनिवार) से अग्रिम आदेशों तक प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक किया जाएगा।

प्रशासन ने सभी संबंधित विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया है कि उक्त आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों को ठंड और कोहरे से होने वाली संभावित परेशानियों से सुरक्षित रखा जा सके।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को मौसम के अनुरूप गर्म कपड़ों में ही विद्यालय भेजें और उनकी सेहत पर विशेष ध्यान दें।

