आगरा। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश तैराकी एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय जूनियर एवं सीनियर तैराकी प्रतियोगिताओं के लिए आगरा मंडल की टीमों का चयन 27 और 29 जून को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, आगरा के तरणताल पर किया जाएगा।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि राज्य स्तरीय समन्वय जूनियर बालक एवं बालिका तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 5 जुलाई 2026 तक लखनऊ में होगा। इसके लिए जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल्स 27 जून को अपराह्न 3 बजे तथा मंडल स्तरीय चयन एवं ट्रायल्स अपराह्न 4:30 बजे आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जूनियर वर्ग के ट्रायल्स में वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2008 से 31 दिसंबर 2011 के बीच हो। ट्रायल्स में भाग लेने के लिए कोई प्रवेश शुल्क नहीं रखा गया है।
इसी प्रकार राज्य स्तरीय समन्वय सीनियर पुरुष एवं महिला तैराकी प्रतियोगिता 10 से 12 जुलाई 2026 तक वाराणसी में आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल्स 29 जून को अपराह्न 3 बजे तथा मंडल स्तरीय चयन एवं ट्रायल्स अपराह्न 4:30 बजे एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के तरणताल पर होंगे।
जूनियर वर्ग के इच्छुक खिलाड़ी 27 जून तथा सीनियर वर्ग के खिलाड़ी 29 जून को अपने जन्मतिथि संबंधी मूल प्रमाण-पत्र एवं आधार कार्ड के साथ एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, आगरा के तरणताल पर उपस्थित होकर ट्रायल्स में भाग ले सकते हैं।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने सभी पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित तिथियों पर ट्रायल्स में भाग लेकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में आगरा मंडल का प्रतिनिधित्व करने का आह्वान किया है।

