फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कचहरी परिसर में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक कथित रूप से अधिवक्ता के चेम्बर में तमंचा लेकर घुस आया और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला न्यू बस्ती सिविल लाइन फतेहगढ़ निवासी अधिवक्ता रोहिताश कुमार पुत्र सुरेन्द्र सिंह अपने उपभोक्ता फोरम के निकट स्थित चेम्बर में दोपहर करीब 2:30 बजे कानूनी कार्य कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान आयुष गुप्ता नामक युवक अचानक चेम्बर में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।

पीड़ित अधिवक्ता के अनुसार, युवक ने तमंचा तान दिया और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के अधिवक्ता मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करते हुए आरोपी से तमंचा छीन लिया। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी के पिता योगेश गुप्ता भी वहां पहुंचे और उकसाने वाली बातें कहीं।
घटना में अधिवक्ता को खुली व बंद चोटें आई हैं। उन्होंने थाना कोतवाली फतेहगढ़ में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
कोतवाल फतेहगढ़ रणविजय सिंह ने बताया कि तमंचा बरामद कर लिया गया है। तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

