नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस सांसदों की एक अहम बैठक शुक्रवार को आयोजित हुई। लेकिन इस बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर शामिल नहीं हुए। यह लगातार तीसरी बार है जब ऐसी रणनीतिक बैठकों से थरूर की अनुपस्थिति दर्ज की गई है।
बैठक संसद के मौजूदा सत्र से जुड़े मुद्दों और विपक्ष की आगे की रणनीति पर केंद्रित थी, लेकिन थरूर की गैरमौजूदगी ने पार्टी के गलियारों में कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्टी के भीतर यह चर्चा तेज है कि क्या थरूर और कांग्रेस नेतृत्व के बीच बढ़ती दूरी किसी नए राजनीतिक संकेत की ओर इशारा कर रही है।
हालांकि अभी तक थरूर की ओर से इस अनुपस्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन लगातार गैरहाज़िर रहने से राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

